बरेली। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने मंगलवार को जिन चार त्योहार विशेष ट्रेनों की घोषणा की थी, उनमें वेटिंग 50 से ऊपर हो गई है। अन्य ट्रेनों में भी यही हाल है। वहीं, सामान्य ट्रेनों में नो रूम की स्थिति है। इसको लेकर रेलवे ने एक और त्योहार विशेष ट्रेन की घोषणा की है।
दिवाली और छठ पूजा के चलते दिल्ली, नोएडा सहित अन्य बड़े शहरों में नौकरी करने वाले लोग घरों की ओर लौट रहे हैं। इस वजह से ट्रेनों में भीड़ है। यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए रेलवे अब तक कई त्योहार विशेष ट्रेनों की घोषणा कर चुका है। मंगलवार को 04731 समस्तीपुर स्पेशल, 04732 श्रीगंगानगर स्पेशल, 04729 गोरखपुर स्पेशल और 04730 श्रीगंगानगर स्पेशल की घोषणा की गई। बुकिंग शुरू होते ही इन ट्रेनों में वेटिंग 50 से ऊपर हो गई है।
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए शकूर बस्ती से लखनऊ के बीच 04402 (लखनऊ स्पेशल) का 17 से 19 अक्तूूबर तक तीन फेरों के लिए संचालन होगा। यह ट्रेन शकूर बस्ती से रात 9:15 बजे रवाना होकर सुबह 04:10 बजे बरेली जंक्शन आएगी। यहां से 04:12 बजे रवाना होकर सुबह 9:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
वापसी में 04401 (शकूर बस्ती स्पेशल) लखनऊ से दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर शाम 4:23 बजे बरेली पहुंचेगी। यहां से 4:25 बजे रवाना होकर रात 12:40 बजे शकूर बस्ती पहुंचेगी।
इन ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल
देहरादून की ओर जाने वाली 12369 कुंभ एक्सप्रेस, 15119 जनता एक्सप्रेस, 13009 दून एक्सप्रेस के साथ ही 12231 लखनऊ-चंडीगढ़, 14673 शहीद एक्सप्रेस, 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस, 18103 जलियांवाला बाग, 13307 गंगा-सतलुज, 12327 उपासना एक्सप्रेस में 19 अक्तूबर तक लंबी वेटिंग और नो रूम की स्थिति बनी हुई। दिल्ली को जाने वाली 15127 काशी विश्वनाथ, 04455 देहरादून-नई दिल्ली स्पेशल, 14207 पद्मावत एक्सप्रेस, 12229 लखनऊ मेल, 15273 सत्याग्रह, 22419 सुहेलदेव एक्सप्रेस, 14311 आला हजरत एक्सप्रेस, 15909 अवध असम एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग और नो रूम की स्थिति है। संवाद
-
सुल्तानपुर-जफराबाद रेलखंड पर ब्लॉक, दो ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित
बरेली। मुरादाबाद मंडल की ओर से जारी हुई सूचना के तहत आठ नवंबर को सुल्तानपुर-जफराबाद रेलखंड पर जरूरी काम कराए जाएंगे। ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक की वजह से मुरादाबाद मंडल की पांच ट्रेनें प्रभावित होंगी। इनमें से दो बरेली से होकर गुजरती हैं। जारी सूचना के मुताबिक, सात नवंबर को संचालित 12370 देहरादून-हावड़ा कुंभ एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग सुल्तानपुर-मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-वाराणसी मार्ग से संचालित किया जाएगा। 03311 धनबाद-चंडीगढ़ स्पेशल को परिवर्तित मार्ग वाराणसी-मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-लखनऊ मार्ग से संचालित किया जाएगा। संवाद
-
तीन से छह घंटे की देरी से आ रहीं ट्रेनें
बरेली। दिवाली पर भी ट्रेनों की लेटलतीफी दूर नहीं हो रही है। जगह-जगह ब्लॉक के चलते ट्रेनें छह से तीन घंटे की देरी से आ रही हैं। 05575 आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस सबसे अधिक आठ घंटे की देरी से चल रही है। बरेली जंक्शन पर ट्रेन के आने का समय शाम 07:03 बजे है। खबर लिखे जाने तक इस ट्रेन के आने का संभावित समय 03:03 बजे प्रदर्शित हो रहा था। इसी तरह 22453 राज्यरानी एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे की देरी से जंक्शन आई। 03312 धनबाद स्पेशल तीन घंटे, 05301 अंबाला कैंट स्पेशल ढाई घंटे, 13005 हावड़ा अमृतसर मेल एक घंटा से देरी से जंक्शन पहुंची। संवाद
-
इज्जतनगर मंडल की दो ट्रेनें निरस्त
बरेली। इज्जतनगर रेल मंडल की दो ट्रेनों को निरस्त किया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि परिचालन कारणों की वजह से 12209 कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम एक्सप्रेस व 12210 काठगोदाम-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस को अगले आदेश तक निरस्त किया गया है। संवाद