राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जगह-जगह हुए कार्यक्रम, पशुधन मंत्री ने भी किया संबोधित
आंवला/ बहेड़ी /मीरगंज/ नवाबगंज। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने मतदान के महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मतदान से लोकतंत्र मजबूत बनता है।
आंवला तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती मां के चित्र के सम्मुख दीप जलाकर किया गया। मुख्य अतिथि पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व के प्रति संवेदनशील बनाना, मतदाता पंजीकरण को प्रोत्साहित करना, निर्वाचन विवरणों में सुधार करवाना और जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना है। एसडीएम विदुषी सिंह ने बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ की सराहना की।
तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एसआईआर के तहत बेहतर काम करने वाले बीएलओ सत्येंद्र पाल सिंह, सोमवीर सिंह, प्रदीप वर्मा, रामशरण, आशीष कुमार, मुकुल महेश्वरी आलोक, प्रवीण यादव, सज्जाद हुसैन, रेनू वर्मा, गिरीश, विनोद शर्मा, रानी अंसारी आदि को सम्मानित किया गया।
बहेड़ी में जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें विभिन्न स्कूल के विद्यार्थी शामिल हुए। रामलीला मैदान से शुरू होकर नैनीताल रोड होते हुए तहसील परिसर में आकर रैली समाप्त हुई। एसडीएम इशिता किशोर ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस का महत्व बताया। मीरगंज के राजेंद्र प्रसाद इंटर कॉलेज में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर रविवार को तहसील स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एसडीएम आलोक कुमार सिंह ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के रूप में कॉलेज परिसर में मौजूद 400 से अधिक विद्यार्थियों और 100 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मतदान करने की शपथ दिलाई। कॉलेज से थाना चौराहा होते हुए कॉलेज लौटकर रैली समाप्त हुई। संवाद
निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदारी के साथ करें मतदान
नवाबगंज। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर तहसील सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तहसीलदार ने उपस्थित लोगों को निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदारी के साथ मतदान करने की शपथ दिलाई। रविवार को तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर नागरिक का मतदान करना बेहद जरूरी है। संवाद