बरेली। मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए परिजन, रिश्तेदार और मित्रों समेत अपने-अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों का शत-प्रतिशत मतदान कराना जरूरी है। कॉलोनी के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। इसके लिए उद्यमियों ने अपनी-अपनी कॉलोनी के सोशल मीडिया ग्रुप में मुहिम शुरू कर दी है। वीडियो भेजकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सात मई को मतदान के बाद कॉलोनी में एक छोटी सी पार्टी करने का निर्णय भी लिया है।
बुधवार को अमर उजाला कार्यालय परिसर में मतदाता जागरूकता के लिए आयोजित संवाद में शहर के प्रमुख उद्यमियों, व्यापारियों और नागरिकों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अक्सर पढ़े-लिखे लोग ही मतदान से कतराते हैं। मतदान के लिए कतार में लगना, धूप में काफी देर तक खड़े रहना, एक बार भीड़ देखकर लौटने के बाद दोबारा मतदान के लिए न जाना, बाहर रह रहे परिजनों को मतदान के लिए न बुलाना, खुद भी मतदान न करना और दूसरे सुझाव मांगे तो उन्हें भी मना कर देना लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं। ऐसे लोगों को जगाना बेहद जरूरी है।
जनसंपर्क मुहिम शुरू करेंगे
व्यापारिक संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि उन्होंने बाजार वार संगठन की टीम तैयार कर ली है। हैंडबिल्स भी बनवा लिए हैं। जनसंपर्क के दौरान हैंडबिल्स बांटकर लोगों को मतदान के महत्व को बताएंगे। दुकानदारों को पहले मतदान फिर दुकान का संदेश देंगे।
कर्मचारियों से मतदान कराने की बनाई है योजना
उद्यमियों ने कहा कि सबसे पहले वह स्वयं परिवार के साथ मतदान करेंगे। इसके बाद कार्यालय के जिन कर्मचारियों ने मतदान किया होगा, उन्हें आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों को जागरूक करने के लिए भेजेंगे। जिन कर्मचारियों का नाम वोटर लिस्ट में होगा, उनका मतदान हर हाल में कराया जाएगा।
इन बिंदुओं पर हुई चर्चा
- एक बार के मतदान से पांच वर्ष के लिए देश की दशा व दिशा तय होगी।
- सोशल प्लेटफॉर्म पर लोगों मतदान के प्रति जागरूक करें।
- जो परिजन बाहर रह रहे हैं, संभव हो तो उन्हें बुला लें।
- सर्वाधिक मतदान वाले केंद्र के मतदाता सम्मानित हों।
- असमर्थ मतदाता को केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी लें।
जिला प्रशासन से मांग
- मतदान सात मई को है, इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए।
- मतदान केंद्रों की ओर जाने वाले जर्जर मार्गों को दुरुस्त कराया जाए।
ये रहे मौजूद
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के चैप्टर चेयरमैन तनुज भसीन, मनु ढींगरा, इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स से सुरेश सुंदरानी, केबी अग्रवाल, सुधीर गुप्ता, प्रदीप मधवार, लघु उद्योग भारती के आशुतोष शर्मा, शुभम अग्रवाल, निशांत अग्रवाल, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के अतुल अग्रवाल, दिनेश वर्मा, सुदेश अग्रवाल, सचिन गुप्ता, बरेली मर्चेंट एसोसिएशन के राजीव ऐरन, जफर बेग, कैसर रजा व अन्य मौजूद रहे।