पिपरिया उपराला में ग्रामीणों ने किया हंगामा
ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो आक्रोश फैल गया। बृहस्पतिवार सुबह गांव पिपरिया उपराला में ग्रामीणों ने सैकड़ों छुट्टा पशुओं को लाकर सड़क पर खड़ा कर दिया। इसी मार्ग से पशुधन मंत्री का काफिला गुजरने वाला था। इसकी जानकारी होने पर एसडीएम आंवला और इंस्पेक्टर सिसौली वहां पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीण एसडीएम से भिड़ गए। धक्कामुक्की हुई। ग्रामीणों का आक्रोश देख एसडीएम वहां से चले गए।
कुछ देर बाद पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह और अपर मुख्य सचिव पशुपालन का काफिला आया तो सड़क पर छुट्टा पशुओं को खड़ा देख सबके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने मंत्री के सामने छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। मंत्री धर्मपाल सिंह ने ग्रामीणों को समझाया। उन्हें आश्वासन दिया कि इलाके में ग्रामसभा की जमीन देख गोआश्रय स्थल बनवाकर समस्या से निजात दिलाई जाएगी। मंत्री के आश्वासन के बाद ग्रामीण माने। इसके बाद छुट्टा पशु सड़क से हटाए और मंत्री का काफिला गुरगांवा के लिए रवाना हुआ।