क्षतिग्रस्त यूपी डायल-100 की गाड़ी (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के सौंधा गांव में बच्चा चोर को खेत में घेरने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाद में ग्रामीणों को अफवाह को लेकर समझाने की कोशिश की। इस दौरान एक सिपाही के वीडियो बनाने पर ग्रामीण भड़क गए और पुलिस पर हमला कर दिया। यूपी 100 की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। हमले में दरोगा समेत सात पुलिस कर्मी घायल हो गए।
बताते हैं कि ग्रामीणों ने पांच राउंड फायरिंग की जबकि पुलिस ने भी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए एक फायर किया। बाद में कई थानों की पुलिस पहुंची और प्रधान अनूप सिंह समेत दस ग्रामीणों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं इस मामले में 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। डीएम वैभव श्रीवास्तव, एसपी मनोज कुमार सोनकर समेत अफसरों ने भी गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया। बलवा, जानलेवा हमले, सरकारी कार्य में बाधा समेत संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए आरोपियों का शनिवार को चालान कर दिया गया।
उधर, जिला महिला अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल कराने पहुंची मानसिक रूप से कमजोर महिला को भीड़ ने बच्चा चोर कहकर घेर लिया। पुलिस बमुश्किल उसे भीड़ से निकालकर ले जा सकी। पूरनपुर में भी बच्चा चोर आने की अफवाह फैली रही। बदायूं के कछला में बच्चा चोरी की अफवाह फैलाने पर विपिन को गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी किशनपाल मौके पर भाग गया। शाहजहांपुर में खुटार के लुकटहा गांव में बच्चा चोर का शोर मचने पर ग्रामीणों ने तीन युवकों को पीट दिया।