नवाबगंज फोटो 1 सीओ आफिस के सामने धरने पर बैठे दुवाहट गांव के लोग
- फोटो : kathua
नवाबगंज। होली पर डीजे के साथ जुलूस निकालने को लेकर बुधवार को नाराज गांव दुवाहट की दर्जनों महिलाओं व पुरुषों ने सीओ आफिस के सामने प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। सीओ और एसडीएम के समझाने के बाद भी ग्रामीण अपनी जिद पर अड़े रहे। मांग न मानने पर पलायन की बात कही।
हाफिजगंज थाना क्षेत्र के दुवाहट गांव में होली के दिन डीजे के साथ जुलूस निकालने को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा है। एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय और सीओ हर्ष मोदी ने कई बार गांव जाकर नई परंपरा न डालने को लेकर समझा चुके हैं। इसी मामले को लेकर गांव से दर्जनों महिलाएं और पुरुष ट्रैक्टर-ट्राॅली से सीओ हर्ष मोदी के कार्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों ने डीजे के साथ जुलूस निकालने की अनुमति की मांग की, लेकिन उन्होंने नई परंपरा डालने से मना कर दिया। इससे नाराज ग्रामीण उनके कार्यालय के सामने ही प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो वे गांव से पलायन कर जाएंगे। मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय भी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में ग्रामीण मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की बात कहते हुए गांव में जुलूस निकालने की बात कहते हुए चले गए।
होली के पर्व पर नई परंपरा डालने की किसी को अनुमति नहीं है। ग्रामीणों के साथ वार्ता चल रही है। गांव में धार्मिक स्थल के पास भूमि को लेकर विवाद चला रहा था। उसे भी सुलझा लिया गया है। उसी को लेकर ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। होली के पर्व को सभी लोग मिलजुलकर मनाएं।
-अजय कुमार उपाध्याय, एसडीएम