क्योलड़िया। क्षेत्र के किशनपुर कुईया गांव निवासी ग्रामीण भरतवीर की नहर में डूबकर मौत हो गई। उनका शव बीसलपुर के गांव मितेपुर गांव के पास बह रही शारदा खंड नहर में उतराता मिला। वह 24 जनवरी को नामकरण संस्कार के कार्यक्रम से आते वक्त लापता हो गए थे। गांव किशनपुर कुईया में नहर किनारे उनकी साइकिल मिली थी। तभी से पुलिस और गोताखोर उनको तलाश कर रहे थे। घटना के बाद परिजनों में मातम पसर गया।
भरतवीर के बेटे अवनीश कुमार ने बताया कि उनके पिता शराब पीने के आदी हैं। 24 जनवरी सुबह आठ बजे शनिवार को गांव रुकुमपुर में एक नामकरण कार्यक्रम में शामिल होने गए। शाम को कार्यक्रम समापन के बाद गांव नहीं पहुंचे। 25 जनवरी को गांव वैवाही मोड़ चौराहे पर दिन के 12 बजे उनकी साइकिल शारदा नहर किनारे पड़ी मिली। ग्रामीणों ने साइकिल के पास थैले में पूड़ी,रसगुल्ला, गेहूं, कैंची आदि सामान देखा। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर सामान को कब्जे में लिया। गोताखोरों के माध्यम से तलाश कराया। बेटे अवनीश कुमार ने गुमशुदगी दर्ज करा दी। मंगलवार को भरतवीर का शव शारदा खंड नहर में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी वेद सिंह ने बताया कि मृतक का शव नहर में उतराता मिल गया है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद