बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बानखाना में उपभोक्ताओं से दो-दो हजार रुपये उगाही के मामले में विद्युत निगम कामर्शियल टू वर्टिकल के अधिशासी अभियंता सूर्य कुमार ने बृहस्पतिवार को अवर अभियंता सुनील कुमार से रिपोर्ट तलब की है।
विजिलेंस और एचआर टीम ने बुधवार को कई उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए थे। कनेक्शन जोड़ने के बदले दो-दो हजार रुपये मांगे तो लोगों ने घेराव कर लिया था। उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की थी। बच्चू सिंह की पत्नी उर्मिला ने प्रेमनगर थाने में विजिलेंस और एचआर टीम के खिलाफ तहरीर भी दी है। मामला संज्ञान में आने पर बृहस्पतिवार को अधिशासी अभियंता ने अवर अभियंता से रिपोर्ट तलब की है।
इन दिनों विद्युत निगम का बकाया वसूली अभियान चल रहा है। इस दौरान ऐसे उपभोक्ताओं के भी कनेक्शन काट दिए जा रहे हैं, जिन पर कोई बकाया नहीं है। बानखाना में बुधवार को ऐसे ही उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने, रुपये मांगने व महिलाओं से अभद्रता करने पर लोगों ने विजिलेंस टीम का घेराव किया था। संवाद