बरेली। बरेली कॉलेज में शनिवार को स्नातक के कई छात्र-छात्राएं ग्राउंड में बैठे थे। इसी दौरान कला वर्ग की एक छात्रा ने सोशल मीडिया के लिए व्लॉग बनाना शुरू किया। अपनी ही कक्षा की एक छात्रा व उसके साथ बैठे छात्र को वीडियो में शामिल करते हुए लव बर्ड कहकर संबोधित किया। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इससे नाराज छात्रा ने चीफ प्रॉक्टर से शिकायत की।
विज्ञापन
छात्रा ने बताया कि बिना अनुमति के उसका वीडियो बनाया और लव बर्ड जैसे शब्द का इस्तेमाल किया गया है। इससे मेरी व मेरे साथ बैठे छात्र की भी छवि धूमिल करने का प्रयास किया है। चीफ प्रॉक्टर इंदीवर सिंह ने बताया कि वीडियो हमारे पास आया है। आरोपी छात्रा को बुलाया जाएगा। इस पर नोटिस भी जारी होगा, क्योंकि महाविद्यालय में व्लॉगिंग या रील बनाना पहले से प्रतिबंधित है। बिना अनुमति के लिए गए वीडियो को भी हटवाया जाएगा।