बहेड़ी। तहसील क्षेत्र के गांव नंदपुर में तैनात हल्का लेखपाल केसर सक्सेना का अंश प्रमाणपत्र बनाने के लिए 600 रुपये रिश्वत लेते वीडियो वायरल हुआ है। इसके बाद डीएम के आदेश पर एसडीएम ने उसे निलंबित कर दिया। लेखपाल की विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है।
नंदपुर गांव के धर्मेंद्र कुमार ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि 24 सितंबर को वह तहसील परिसर में हल्का लेखपाल केसर सक्सेना के पास पिता बृजलाल का अंश प्रमाणपत्र बनवाने के लिए गए थे। लेखपाल ने प्रमाणपत्र बनाने के नाम पर 600 रुपये मांगे। उन्होंने रुपये देते हुए वीडियो बना लिया।
वीडियो अधिकारियों को देने के साथ उन्होंने डीएम को शिकायतीपत्र दिया। शुक्रवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। डीएम ने एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव को मामले में कार्रवाई के आदेश दिए। इसके बाद लेखपाल को निलंबित कर दिया गया। एसडीएम ने बताया कि आरोपी लेखपाल के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है।