मीरगंज। बृहस्पतिवार को रुपये लेकर प्रसव कराने का एक वीडियो वायरल हुआ था, वो मामला अभी शांत नहीं हुआ, लेकिन इस बीच पांच हजार रुपये लेकर प्रसव कराने का एक और वीडियो वायरल हो गया। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी के नेतृत्व में दर्जनों लोगों व भाजपा सदस्यों ने सीएचसी पर नारेबाजी कर घंटों प्रदर्शन कर धरना दिया। सूचना पर उपजिलाधिकारी तृप्ति गुप्ता पहुंचीं।
उनके समझाने पर तीन घंटे बाद धरना समाप्त कर लोगों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही इस मामले में मीरगंज विधायक डाॅ. डीसी वर्मा और बरेली सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार से भी शिकायत की गई है।
रविवार को गांव नथपुरा निवासी उमेश चंद्र की पत्नी अनीता देवी को प्रसव पीड़ा हुई तो वह दोपहर तीन बजे अपनी पत्नी को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां उनका आरोप था कि उनसे पांच हजार रुपये वसूल लिए गए। इसके बाद उसकी पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया। सोमवार को जब वीडियो वायरल हुआ तो जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी दर्जनों लोगों के साथ सीएचसी परिसर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करने लगे।
सूचना पर एसडीएम एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय कुमार पाल भी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। बाद में आश्वासन पर सभी मान गए। इसके बाद चिकित्सा अधीक्षक और एसडीएम ने हाजिरी फाइल की भी जांच की।
प्रदर्शन करने वालों में जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष तेजपाल फौजी, राजू भारती, ओमपाल गंगवार, रवि गंगवार, व्यापार मंडल अध्यक्ष रामनरायन गुप्ता सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। संवाद