नवाबगंज (बरेली)। सेना में नौकरी का झांसा देकर हजारों रुपये हड़पने वाले आरोपी को पुलिस ने कोतवाली से छोड़ दिया। मंगलवार को पुलिस के बुलाने पर जब परिजन कोतवाली पहुंचे तो आरोपी वहां नहीं था। इस मामले में परिजनों ने जानकारी ली तो पुलिस ने उन्हें टरका दिया। विद्यार्थियों के परिजनों ने हंगामा किया। अब शिकायतकर्ता बुधवार को एसएसपी को शिकायती पत्र देंगे।
शाहजहांपुर के थाना क्षेत्र तिलहर के एक गांव में रहने वाले आरोपी ने थाना नवाबगंज में रहने वाले छात्र-छात्राओं से सेना में नौकरी का झांसा देकर पांच-पांच हजार रुपये ऐंठ लिए थे, जब छात्र-छात्राओं की नौकरी नहीं लगी तो सभी ने रुपये की मांग की। इससे नाराज आरोपी विद्यार्थियों को जान से मारने की धमकी देने लगा। रविवार को पीलीभीत के थाना क्षेत्र जहानाबाद के ऐमी गांव के एक काॅलेज में आरोपी अन्य छात्रों को बहका कर रुपये ऐंठ रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही छात्राें ने मौके पर पहुंचकर डायल 112 पर सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस आरोपी को पकड़ कर कोतवाली नवाबगंज ले गई। संवाद