थाना फरीदपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई मगर कोविड अस्पताल नहीं भेजा
फरीदपुर। शासन ने बगैर लक्षण वाले संक्रमितों को घर में आइसोलेट होने की सहूलियत दी है लेकिन कई संक्रमित इसका गलत फायदा उठाकर बाहर घूम रहे हैं। बुधवार को ही ऐसे करीब 50 लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने कोविड अस्पताल में भर्ती कराया था मगर बृहस्पतिवार को फिर फरीदपुर के मोहल्ला साहूकारा में एक संक्रमित के थैला लेकर बाजार में घूमते हुए वीडियो वायरल हो गया। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। हालांकि उसे कोविड अस्पताल नहीं भेजा गया है।
फरीदपुर में संक्रमितों के संख्या डेढ़ सौ के आसपास पहुंच चुकी है। पिछले दो दिन में 18 संक्रमित निकले चुके हैं, लेकिन लापरवाही कम नहीं हो रही। मोहल्ला साहूकारा में रहने वाला एक होम्योपैथिक डॉक्टर और उसका बेटा कोरोना संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों को होम आइसोलेट किया है, लेकिन ये लोग बाहर घूम रहे हैं। बाहर घूमते समय मोहल्ले के किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर वायरल कर दी। इसकी जानकारी अफसरों तक पहुंची तो उनके आदेश पर आरोपी संक्रमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। हालांकि अभी तक उसे कोविड अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया है। वहीं व्यापार मंडल ने ऐसे मामलों की शिकायत सीधे मुख्यमंत्री से करने की बात कही है।
टीम देख बंद किए दरवाजे, एक घंटा इंतजार कर लौटी
फरीदपुर में संक्रमण की रफ्तार बढ़ती जा रही है। जिसकी एक वजह यह भी कि होम आइसोलेट किए गए संक्रमित बाजारों में घूम रहे हैं और संक्रमण फैला रहे हैं। बृहस्पतिवार को मोहल्ला साहूकारा में कोरोना की जांच करने के लिए बरेली से मोबाइल वैन पहुंची। एक घंटे तक वैन मोहल्ले में खड़ी रही, लेकिन लोग जांच कराने नहीं पहुंचे। स्वास्थ्य कर्मियों ने घरों का दरवाजा खटकाकर लोगों से जांच कराने को कहा, लेकिन कोई भी बाहर नहीं आया, बल्कि अंदर से कुंडी बंद कर ली। एक घंटे में एक भी जांच न होने पर अफसरों ने वैन को वापस बुला लिया।