बदायूं के उझानी में रेलवे गेटमैन के पुलिस में चयन होने की खुशी में सरेराह डांस का वीडियो वायरल होने के मामले में यूपी-112 के जो तीन सिपाही बताए जा रहे हैं, उनकी भी पहचान होने की बात सामने आ रही है।
सीओ गजेंद्र सिंह वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर चुके हैं लेकिन वह सोमवार को मौके पर पहुंचकर हकीकत का भी पता करेंगे। माना जा रहा है कि इसके बाद सिपाहियों पर कार्रवाई हो सकती है।
कोरोना कर्फ्यू के दौर में डांस और ढोल-नगाड़े का वीडियो शनिवार शाम को वायरल हुआ था। वीडियो में दो दर्जन से अधिक युवकों के कपड़ों पर गुलाल पड़ा है। वह नाचते-गाते हुए आगे बढ़ते जा रहे हैं।
शुरू में इसे लेकर पसोपेश बना रहा लेकिन देर शाम ही काफी हद तक साफ हो गया था कि डांस का यह आलम कछला में रेलवे के एक गेटमैन का सिपाही पद पर चयन हो जाने की खुशी का है। गेटमैन सहारनपुर जिले का बताया गया है। उसे अभी ट्रेनिंग पर भी जाना है।