बरेली के भाजपा सांसद छत्रपाल गंगवार व उनके भतीजे को लेकर दिए गए भड़काऊ भाषण का जुड़ाव हरिद्वार से निकला। सांसद के भतीजे व समर्थकों के अड़ जाने पर देवरनिया थाना पुलिस ने शून्य अपराध संख्या पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। विवेचना संबंधित थाने को ट्रांसफर करने पर विचार किया जाएगा।
भाजपा सांसद के भतीजे दुष्यंत गंगवार ने बहेड़ी की पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पति आराम सिंह व उनके साथ वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। देवरनिया थाने में समर्थकों के साथ पहुंचे दुष्यंत ने आरोप लगाया कि आराम सिंह ने किसी कार्यक्रम में उनको भूमाफिया व समाज माफिया बताकर दुष्प्रचार किया है। साथ ही उनके चाचा के लिए भी अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया है। इससे सांसद व उनके परिवार की छवि धूमिल हुई है। इससे उनके परिवार की मानहानि हुई है।
थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने जांच कराने की बात कही तो दुष्यंत के साथ थाने पहुंचे लोग वहां धरना देने के लिए तैयार हो गए। कहा कि रिपोर्ट की प्रति लिए बिना नहीं जाएंगे। तब इंस्पेक्टर ने शून्य अपराध संख्या पर रिपोर्ट दर्ज करके प्रति सौंप दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने वीडियो की जांच कराई है। वह हरिद्वार के एक होटल में कुछ समय पहले बनाया गया था। उच्चाधिकारियों से वार्ता करके हरिद्वार पुलिस की मदद से विवेचना कराई जाएगी।