प्राचार्य का घेराव करने पहुंचे छात्र।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बुधवार को अवैध कब्जा कर खोदी जा रही थी नींव, कुलपति ने चीफ प्राक्टर से मांगी रिपोर्ट
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के मेन गेट के पास अवैध कब्जा कर शौचालय निर्माण की कोशिश को लेकर छात्रों ने कुलपति का घेराव किया। उनका कहना था कि विश्वविद्यालय की चहारदीवारी के पास नगर निगम कूड़ा डलवाता है और अब शौचालय की आड़ में अवैध कब्जा हो रहा है। मामले को शासन तक पहुंचाने के लिए कुलसचिव ने चीफ प्रॉक्टर से रिपोर्ट मांगी है।
बुधवार को पीलीभीत रोड पर विश्वविद्यालय के मेन गेट के पास अवैध कब्जा करके शौचालय बनवाने की कोशिश हुई थी। विश्वविद्यालय के विरोध पर पुलिस ने काम रुकवा दिया था। इस दौरान वहां काम कराने वालों ने नगर निगम से अनुमति होने की बात कही थी लेकिन कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। गुरुवार को इसको लेकर छात्रनेता गजेंद्र कुर्मी ने तमाम छात्रों के साथ कुलपति प्रो. केपी सिंह का घेराव कर हंगामा किया। उनका कहना था कि पीलीभीत और बीसलपुर रोड पर विश्वविद्यालय की चहारदीवारी के पास कूड़ा डालकर पहले ही काफी गंदगी कर दी गई है। अब शौचालय निर्माण की कोशिश से यह साफ है कि कुछ लोग विश्वविद्यालय के सामने की जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। इस पर कुलपति ने चीफ प्राक्टर डॉ. जेएन मौर्य से रिपोर्ट मांगी है ताकि पूरे मामले से शासन को अवगत कराया जा सके।
दुर्गंध के चलते पढ़ाई मुश्किल
विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, केमिस्ट्री समेत कई विभाग पीलीभीत रोड की ओर चहारदीवारी से सटकर बने हैं। छात्रों का कहना है कि चहारदीवारी के पास कूड़ा फेंकने से बदबू आती है और पढ़ाई बाधित होती है।
विश्वविद्यालय के मेन गेट पर अवैध कब्जा कर शौचालय निर्माण की कोशिश करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। नगर निगम ने अगर वहां कूड़ा फेंकना बंद नहीं किया तो इसका भी विरोध होगा। - गजेंद्र कुर्मी, जिलाध्यक्ष, समाजवादी युवजन सभा
विश्वविद्यालय गेट के पास अवैध शौचालय निर्माण की कोशिश को लेकर कुलपति ने मुझसे रिपोर्ट मांगी है। इसकी पड़ताल करके जल्द ही पूरी आख्या दी जाएगी। - जेएन मौर्य, चीफ प्रॉक्टर, रुहेलखंड विश्वविद्यालय