बहेड़ी। नैनीताल रोड पर बृहस्पतिवार रात कांवड़ियों के जत्थे पर चप्पल फेंके जाने के मामले में पुलिस ने सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली है। वहीं, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
कांवड़ियों के जत्थे ने मिलन कन्फेक्शनरी के पास मुस्लिम बहुल इलाके से गुजरने के दौरान चप्पल फेंके जाने का आरोप लगाया था। इसके बाद कांवड़ियों ने सड़क पर रुककर नारेबाजी की। सूचना पर सीओ बहेड़ी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन पर कांवड़िये वहां से हटे। विहिप के जिला सहमंत्री शानू गंगवार ने आरोप लगाया कि माहौल बिगाड़ने के लिए साजिश की गई है। सावन में मांस बिक्री अवैध रूप से की जा रही है। बाइपास और नैनीताल रोड पर मामले सामने आ चुके हैं। इस घटना से कांवड़ यात्रा सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसी कैमरों की फुटेज से शुक्रवार को आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया गया। आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।