आंवला। प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर विवादित टिप्पणी के मामले में सोमवार को पुलिस ने आरोपी विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नगर मंत्री आशीष पाठक को हिरासत में ले लिया। इससे गुस्साए संगठनों के सदस्यों ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। हंगामा देख पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई कर शाम को आशीष को छोड़ दिया।
कुछ दिन पहले पशुधन मंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर विहिप नेता आशीष पाठक ने टिप्पणी की थी। इस पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। सोमवार को आशीष को उनके जनसुविधा केंद्र से पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसकी भनक लगने पर आरएसएस, विहिप, बजरंग दल, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, हिंदू जागरण मंच, हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता थाने पहुंचकर विरोध जताने लगे। सूचना पर पहुंचे सीओ नितिन कुमार व एसडीएम नहनेराम ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप जज न बनें। पुलिस-प्रशासन को अपना काम करने दें। इससे गुस्साए कार्यकर्ता थाने के बाहर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन करने लगे। तब पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई कर विहिप नेता को छोड़ दिया।
मंत्री का पुतला फूंका, हनुमान चालीसा का किया पाठ
विहिप सदस्यों के साथ तहसील गेट पर पुलिस के सामने ही मंत्री का पुतला फूंका। इसके बाद हनुमान चालीसा का पाठ किया। कहा कि पशुधन मंत्री तुष्टीकरण की राजनीति पर उतर आए हैं। उन्होंने कोई विवादित टिप्पणी नहीं की है। इस दौरान सुनील गुप्ता, संजय भदौरिया, रामवीर प्रजापति, विमल गुप्ता, अनुपम शंखधार, धर्मवीर सिंह, अंकुर अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
वक्फ संशोधन बिल पास होने पर दिया था भाषण
आंवला। संसद में वक्फ संशोधन बिल पास होने के बाद नगरिया स्थित अपने कैंप कार्यालय में दिए भाषण में मंत्री ने कहा था कि विरोधी दलों के कुछ लोग हिंदूवादी संगठन में शामिल होकर समुदाय विशेष से रंगदारी मांग रहे थे। उन्होंने ऐसे लोगों को जेल भिजवाया। मंत्री ने इस दौरान संगठन विशेष का नाम भी लिया था। इसी भाषण को आशीष हिंदू ने अपने फेसबुक अकाउंट से शेयर कर मंत्री के खिलाफ टिप्पणी की थी। संवाद