बरेली के कैंट थाने के बारी के नगला गांव में शनिवार को पकौड़ी विक्रेता राजीव (35) की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपी भी ठेले पर पकौड़ी बेचने वाले पिता-पुत्र हैं। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बारी के नगला गांव में साप्ताहिक बाजार सप्ताह में दो दिन लगाई जाती है। सुनील भुर्जी यहां पकौड़ी का ठेला लगाता है। बाद में उसी स्थान पर गांव निवासी राजीव भुर्जी ने ठेला लगाना शुरू कर दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कुछ दिन से अनबन चल रही थी। दोनों पक्षों के घर भी आसपास ही हैं।
घर में घुसकर किया हमला
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब नौ बजे मेवाराम व उसके दोनों बेटे सुनील और मुनील ने ठेला लगाने को लेकर राजीव से गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों आरोपी लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए। मारपीट के दौरान लाठी से राजीव के सिर में चोट आई। परिजन राजीव को जिला अस्पताल लेकर आए। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। राजीव के बेटे अरविंद ने मेवाराम व उसके दोनों बेटों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।