बरेली। जिला उद्योग बंधु की विकास भवन में हुई बैठक में शुक्रवार को टोल प्लाजा पर लग रहे जाम के मुद्दे पर हंगामा हुआ। सीडीओ जगप्रवेश की मौजूदगी में उद्यमियों ने कहा कि नैनीताल रोड पर पीएनसी के टोल प्लाजा के पास पांच लेन हैं। सुबह और शाम के समय वाहन बहुत बढ़ जाते हैं। इसके बावजूद टोल प्लाजा पर सिर्फ दो या तीन लेन से ही वाहन गुजारे जाते हैं। इससे यहां रोज जाम लग रहा है।
उद्यमियों ने कहा कि टोल पर अप्रशिक्षित कर्मियों के चलते समस्या और बढ़ती जा रही है। कारें जिस लेन से निकलती हैं, वहां से ट्रक निकालते हैं। इससे दिक्कत हो रही है। यही नहीं उद्यमियों ने 20 किमी. के दायरे में आने वाली गाड़ियों के लिए पास उपलब्ध कराने व पास की वैद्यता एक माह करने संबंधी पुरानी मांग का मुद्दा भी उठाया। कहा कि, इस मांग पर पीएनसी सिर्फ व्यक्तिगत पास जारी कर रही है। फर्म के नाम से कोई पास लेना हो तो मना कर दिया जाता है, जबकि जरूरत हर समय फर्म की गाड़ियों के लिए रहती है। इस पर सीडीओ ने पीएनसी के जीएम को निर्देश दिए कि एसओपी की हस्ताक्षरित कॉपी लेकर आएं और बताएं उसमें क्या नियम शर्तें हैं, ताकि उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण कराया जा सके।
इसके अलावा उपायुक्त उद्योग ने मेगा फूड पार्क बहेड़ी में उद्यमियों की समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मेसर्स डेयरी क्राफ्ट इंडिया के भूखंड नदी से सिर्फ 30 मीटर दूरी पर स्थित हैं, यह चिंताजनक है। कहा कि सिंचाई विभाग को रिटेनिंग वॉल बनाने के लिए पांच करोड़ 93 लाख रुपये दिए जा चुके हैं, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं हुआ है। बताया कि निवेश मित्र पोर्टल से किसी भी विभाग से कोई समस्या नहीं है। उद्यमियों ने कहा कि परसाखेड़ में सड़क नंबर 9, 10 टूटी हैं। इन्हें ठीक कराने को नगर निगम से कहा गया है। इस दौरान उद्यमी अजय शुक्ला, सुरेश सुंदरानी समेत अन्य मौजूद रहे।
-
साप्ताहिक बंदी का पालन हर हाल में किया जाए: सीडीओ
बरेली। सीडीओ जग प्रवेश की अध्यक्षता में जिला व्यापार बंधु की बैठक भी शुक्रवार को विकास भवन में हुई। व्यापारियों ने कहा कि तहसील और टाउन में साप्ताहिक बंदी का पालन नहीं किया जा रहा है। इस पर सीडीओ ने कहा कि मुख्यालय से लेकर तहसील और टाउन स्तर तक साप्ताहिक बंदी का पालन जरूर करें। ब्यूरो