बरेली। परिवहन विभाग की तरफ से सभी कॉमर्शियल वाहनों पर एकमुश्त कर की व्यवस्था की गई है। इसके तहत 15 फरवरी के बाद टैक्स जमा करने वाले वाहन स्वामियों से पांच फीसदी जुर्माना लिया जा रहा है। यह प्रति माह पांच-पांच फीसदी बढ़ता रहेगा। आरटीओ पंकज सिंह ने बताया कि 17 फरवरी तक तक जिले के 1,535 मालवाहक व 1,119 यात्री वाहनों के स्वामियों ने एकमुश्त कर जमा किया है। अब आरटीओ कार्यालय परिसर में 20 व 21 फरवरी को जागरूकता के लिए शिविर लगाया जाएगा।
आरटीओ ऑफिस में मिले वाहन स्वामी सुरेश शर्मा नगर निवासी अरविंद सिंह पटेल ने बताया कि 31 जनवरी के बाद से सभी व्यावसायिक वाहन स्वामियों से एकमुश्त कर जमा कराया जा रहा है। प्रचार-प्रसार की कमी के चलते देर से जानकारी हुई। चार वाहनों पर पांच लाख टैक्स जमा करना है। इतने कम समय में कहा से जमा करेंगे। अब पेनाल्टी भी देनी पड़ रही है।