अभी तक गली मोहल्लों में ठेले वाले सब्जियों को नाम लेकर आवाज लगाते थे, लेकिन अब उनकी भाषा ही बदल गयी है। अब 20 रुपये टमाटर और 15 रुपये किलो नया आलू ले लो जैसी आवाज लगा रहे हैं। खरीद भी बढ़ गयी है।
नोट बंदी से पहले ठेले वाले रेट खरीदने पर ही बताते थे। ज्यादा खरीद पर थोड़ा सा धनिया भी अपनी तरफ से दे रहे हैं। सब्जियों के दाम 25 प्रतिशत तक गिरे हैं। धनिया 5-10 रुपये किलो बिकने लगा है। टमाटर थोक में 7-10, आलू 5-13, प्याज 4-12, सेम 18-20, गोभी 4-5, हरी मिर्च 7-10 उपलब्ध है।
फल दाम स्थिर
फल आढ़ती नकद और उधार में सीधे अन्य राज्यों से बड़े व्यापारी से मांगते हैं। हजार, पांच सौ रुपये के नोट बदलने बंद होने से कारोबार प्रभावित हो गया, इससे दाम स्थिर हो गए हैं। रविवार में सेब 30-40, 60-80, संतरा 20-30 रुपये किलो और केला 10 से 12 रुपये दर्जन थोक मंडी में बिका।
मोबाइल एटीएम लगे
सब्जी और फल थोक कारोबारियों ने मंडी परिसर में एक मोबाइल एटीएम लगाने और करेंसी बदलने की व्यवस्था करने की मांग की है। एसोसियेशन अध्यक्ष शुजा उर रहमान के नेतृत्व में मंडी सचिव से मिलने पहुंचे कारोबारियों ने वैलिड करेंसी किल्लत से अवगत कराया। अध्यक्ष ने कहा नोट बंदी से कारोबार बेहद प्रभावित हो गया है। आढ़तियों का टैक्स अन्य विभागों की तरह हजार, पांच सौ रुपये के नोट में जमा किया जाए।