देवरनियां। दमखोदा ब्लाॅक की ग्राम पंचायत ठिरिया जशोदा में प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्र को अपात्र दर्शाकर सूची से नाम हटाने वाले ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) को बीडीओ की जांच के बाद निलंबित कर दिया है।
मामले की शिकायत पिछले दिनों डीएम से की गई थी। गांव की पुष्पा देवी ने आरोप लगाया था कि ग्राम पंचायत सचिव नन्हे खान ने प्रधानमंत्री आवास दिलाने के बदले उससे रिश्वत मांगी थी। मना करने पर पात्र होने के बावजूद उसका नाम पात्रता सूची से हटा दिया था। डीएम ने मामले की जांच पीडी डीआरडीए तेजवंत सिंह को सौंपी थी। जांच में पंचायत सचिव पर लगाए गए आरोप सही पाए गए थे। जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी गई। परियोजना निदेशक ने बीडीओ से भी जांच रिपोर्ट मांगी थी।
जिला पंचायत राज अधिकारी धर्मेंद्र कुमार की ओर से जारी आदेश में आरोपी पंचायत सचिव नन्हे खान को निलंबित कर भोजीपुरा एडीओ पंचायत कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। एडीओ पंचायत को विभागीय जांंच दी गई है।
यह मामला मेरी तैनाती के पूर्व का है। शिकायत में लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाने पर ग्राम पंचायत सचिव के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। उसके खिलाफ विभागीय जांच भी होगी। -आनंद विजय यादव, बीडीओ, दमखोदा