नवाबगंज। बरेली-पीलीभीत हाईवे किनारे स्थित एचके राइस मिल के चौकीदार के हाथ-पांव बांधकर बदमाश लाखों का सामान लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चौकीदार को बंधन मुक्त कराया। राइस मिल स्वामी ने पुलिस को तहरीर दी है। देर रात तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पुलिस चोरी की बात कह रही है।
राइस मिल स्वामी मोहम्मद फरमान ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह मिल बंदकर घर चले आए थे। चौकीदार प्रेम गिरी रखवाली पर मौजूद थे। देर रात 12 बजे के करीब तीन बदमाश राइस मिल में घुस आए। प्रेम गिरी के हाथ-पांव बांधकर बदमाश आठ मोटर, कॉपर की केबिल, बैटरी समेत अन्य सामान लोडर में भरकर ले गए।
बदमाशों के जाने के बाद चौकीदार ने सूचना दी। उन्होंने तुरंत ही पुलिस को बताया। सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची। पुलिस ने चौकीदार को बंधन मुक्त कराया। पुलिस ने जांच-पड़ताल की। अब तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है। शुक्रवार को मोहम्मद फरमान ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। चौकीदार और राइस मिल स्वामी के बयान भी दर्ज किए गए हैं। जल्द खुलासा किया जाएगा।