बरेली। लखनऊ की यात्रा के लिए वंदे भारत लोगों की पहली पसंद बनकर उभरी है। मुरादाबाद के यात्री 22490 मेरठ-लखनऊ और बरेली के मुसाफिर 22546 देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा को तवज्जो दे रहे हैं। भीषण गर्मी में ट्रेनें फुल होकर चल रही हैं। सामान्य ट्रेनों की एसी श्रेणियों में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिला रहे। ऐसे में इन दोनों प्रीमियम ट्रेनों ने यात्रियों को काफी राहत दी है। अन्य ट्रेनों में जहां एक-एक मा ही वेटिंग है, वहीं इन दोनों ट्रेनों में सात से आठ दिन बाद के कन्फर्म टिकट मिल जा रहे हैं।
मेरठ-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस मेरठ से सुबह 6:27 बजे चलने के बाद 8:40 बजे मुरादाबाद, 10:06 बजे बरेली और दोपहर 1:25 बजे लखनऊ पहुंचती है। बृहस्पतिवार को इस ट्रेन में मुरादाबाद से लखनऊ के लिए 120 और बरेली से 86 यात्रियों ने पहले से बुक कराए टिकटों पर यात्रा की। यह ट्रेन तय समय से 35 मिनट पहले लखनऊ पहुंच गई। देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को देहरादून से 15 मिनट की देरी से 2:39 बजे चलाई गई। शाम 7:15 बजे बरेली आने के बाद यह ट्रेन भी तय समय से सात मिनट पहले लखनऊ पहुंच गई। इस ट्रेन में मुरादाबाद से लखनऊ के लिए 23 जबकि बरेली से 50 लोगों ने यात्रा की। संवाद