फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: बिजली कटौती से वैक्सीन सुरक्षा पर संकट, हांफ रहे कोल्ड चेन पॉइंट

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। बेतहाशा गर्मी और बेहिसाब बिजली कटौती से कोल्ड चेन पॉइंट में वैक्सीन सुरक्षा पर संकट मंडरा रहा है। घंटों जनरेटर चलाने की वजह से ईंधन की खपत दोगुनी हो गई है। बिगड़ते हालात पर चिकित्साधिकारी विद्युत निगम के अफसरों को पत्र भेजकर आपूर्ति सुचारु कराने के लिए कह रहे हैं।
विज्ञापन

सोमवार को अमर उजाला टीम ने देहात क्षेत्र के कोल्ड चेन पॉइंट पर बिजली आपूर्ति और ईंधन की खपत के बारे में पड़ताल की। पता चला कि नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर संचालित कोल्ड चेन पॉइंट पर दो से तीन घंटे ही आपूर्ति बाधित हो रही है। जबकि, देहात के ज्यादातर पॉइंट पर प्रतिदिन चार से पांच घंटे तक आपूर्ति प्रभावित हो रही है। वहीं, वोल्टेज कम होने की भी समस्या आ रही है।
बिथरी चैनपुर सीएचसी पर दो जनरेटर हैं, इनमें से एक ही क्रियाशील है। माहभर पहले दो से तीन घंटे पर अब पांच से छह घंटे कटौती हो रही है। ईंधन की खपत दोगुनी हो गई है। चिकित्साधिकारी डॉ. विवेक ने कहा कि बिजली कटने पर जनरेटर चलाते हैं। कितना ईंधन खप रहा है, इसपर जवाब नहीं दे सके।
विज्ञापन

फतेहगंज पश्चिमी में सोलर पैनल, इन्वर्टर की व्यवस्था है। जनरेटर नहीं है। सीएचसी अधीक्षक संचित शर्मा के मुताबिक बिजली कटौती पर ऑटो ऑन-ऑफ सिस्टम सक्रिय होता है। इससे सोलर पैनल से आपूर्ति शुरू हो जाती है। कोल्ड चेन में बिजली आपूर्ति संबंधी कोई समस्या नहीं है।

रामनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतिदिन पांच से छह घंटे कटौती से जूझ रहा है। लिहाजा, जनरेटर चलाने पर हर दिन करीब 160 लीटर ईंधन की खपत हो रही है। माह भर पहले 60-70 लीटर में काम चल जाता था। चिकित्साधिकारी डॉ. वैभव राठौर के मुताबिक बिजली कटौती से मरीज और कोल्ड चेन पर अभी कोई प्रभाव नहीं है पर लंबे समय तक अगर कटौती हुई तो परेशानी हो सकती है।

फरीदपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनुराग गौतम ने विद्युत निगम को पत्र भेजकर कहा है कि बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से भर्ती मरीजों को दिक्कत हो रही है। वहीं, कोल्ड चेन में वैक्सीन खराब होने का संकट है। वोल्टेज सुचारु न होने से डीप फ्रीजर, स्टेबलाइजर, आईएलआर उपकरण खराब हो सकते हैं। 28 मई से पल्स पोलियो कार्यक्रम के लिए वैक्सीन मिली हैं।

सीएचसी बहेड़ी पर हाइडिल समेत केसर चीनी मिल से बिजली आपूर्ति होने से व्यवस्था सुचारु है पर देवरनिया स्थित रिछा सीएचसी पर करीब चार से छह घंटे आपूर्ति हो रही है। हर दिन करीब 40-50 लीटर ईंधन खपत हो रही है। सीएचसी इंचार्ज डॉ. शुएब खान के मुताबिक कोल्ड चेन प्रभावित न हो, इसपर जोर है। अगर लंबे समय तक कटौती हुई तो दिक्कत से इन्कार नहीं कर सकते।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें