मेगा वैक्सीनेशन पर संकट, बुधवार शाम तक वैक्सीन मिलने की उम्मीद
बरेली। कोविड के खिलाफ चल रहा टीकाकरण अभियान वैक्सीन खत्म हो जाने की वजह से बुधवार को ठप रहेगा। शासन से वैक्सीन की आपूर्ति होने पर ही आगे टीकाकरण की रणनीति बनेगी। वैक्सीन खत्म होने के बाद अब एक जुलाई से होने वाले मेगा वैक्सीनेशन अभियान पर भी संकट मंडरा रहा है। जिला प्रतिरक्षण कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम तक वैक्सीन मिलने की उम्मीद है।
दो दिनों से जिले में वैक्सीन की आपूर्ति बेहद कम होने से टीकाकरण की गति सुस्त रही। रविवार को महज 15 हजार वैक्सीन की डोज स्वास्थ्य विभाग के पास बची थीं। सोमवार को इसमें से 13 हजार से ज्यादा डोज की खपत हो गई। शाम को छह हजार कोवाक्सिन की डोज मिली। वैक्सीन की कमी होने से मंगलवार को 69 सत्र में ही टीकाकरण हुआ। सीएचसी और पीएचसी पर टीकाकरण ठप रहा। मंगलवार को साढ़े छह हजार लोगोें को प्रतिरक्षित किए जाने का लक्ष्य था, इसके सापेक्ष 4949 लोगों को वैक्सीन लगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि वैक्सीन खत्म हो गई है इसलिए बुधवार को टीकाकरण स्थगित रहेगा। वैक्सीन मिलने पर ही आगे टीकाकरण की कार्ययोजना बनाई जाएगी।
मेगा वैक्सीनेशन की चल रही तैयारियां
बुधवार की शाम तक शासन से बड़े पैमाने पर वैक्सीन की खेप मिलने की उम्मीद है। असमंजस के बावजूद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग एक जुलाई से होने वाले मेगा वैक्सीनेशन की तैयारियों में जुट गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सिंह के अनुसार प्रत्येक ब्लॉक के जिन क्षेत्रों को क्लस्टर बनाया जा रहा है उसकी सूची जिला प्रशासन को स्वीकृति के लिए भेज दी गई है। देर शाम हुई वर्चुअल बैठक में जिलाधिकारी और अन्य उच्चाधिकारियों ने बुधवार को वैक्सीन मिलने पर सहमति जताई है। अगर वैक्सीन मिलेगी तो उसके अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर क्लस्टर वैक्सीनेशन की प्रक्रिया जिले में शुरू होगी।