बरेली के आईवीआरआई मैदान पर आयोजित जिला फुटबाल लीग में बुधवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में एमईएस को हराकर उत्तरायणी टीम विजेता बनीं। दूसरे मैच में मेडिको एफसी टीम के खिलाड़ी ने आत्मघाती गोल किया। टीम को झुमका सिटी एफसी के हाथों 2-0 से हार झेलनी पड़ी।
दिन का पहला मैच एमईएस व उत्तरायणी के बीच खेला गया। मैच के 19वें मिनट में उत्तरायणी टीम के अंकुर ने गोल कर टीम का खाता खोला। हाफ टाइम तक एमईएस ने कई बार गोल करने के प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उत्तरायणी टीम के शाहजियार ने 42वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। 43वें मिनट में उमेश ने और 48वें मिनट में अदेव ने चौथा गोल कर टीम को 4-0 से जीत दिलाई।
दूसरे मैच में मेडिको व झुमका सिटी की टीम के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों ही टीमों के खिलाड़ी मजबूत क्षेत्ररक्षण के सामने गोलपोस्ट भेदने में नाकामयाब रहे। हाफ टाइम तक स्कोर 0-0 ही रहा। इसके बाद मेडिको टीम के अतुल ने गलती से अपने ही गोलपोस्ट में गेंद पहुंचा दी। इससे झुमका टीम ने 1-0 से बढ़त ले ली। झुमका के ही कार्तिक ने 58वें मिनट में गोल कर 2-0 स्कोर से टीम को जीत दिलाई। इस दौरान हसरत अली, दीपक पांडे, मुन्ना देवलिया, गोपाल, चंद्र शेखर, पीपी सिंह, महेश चंद्र, चंद्र कुमार, पुनीत, संजय आदि मौजूद रहे।