बरेली। ग्राम पंचायतों में मांगलिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए उत्सव भवन निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के मुताबिक पांच पंचायतों में निर्माण कार्य प्रस्तावित है। भवन वहीं बनेंगे जहां अन्नपूर्णा और अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया हो सकें।
कलक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि पंचायत उत्सव भवन में एक हाल स्टेज, मंडप समेत (100 लोगों की क्षमता का), तीन कमरे, एक दिव्यांगजन कक्ष, ग्राउंड पर पुरुष, महिला, दिव्यांगजन शौचालय, रसोई घर आदि बनाए जाएंगे। तीन हजार वर्ग मीटर भूमि पर 1.41 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण होगा।
जिले में मीरगंज के बल्लिया, फरीदपुर के रसूलपुर वाहनपुर, नवाबगंज के कटैया बलदेव सिंह, आंवला के कमठेना समेत तहसील सदर में भवन निर्माण का प्रस्ताव रखा। जनप्रतिनिधियों से भी स्थल चयन के लिए सुझाव मांगे जाएंगे।
जिलाधिकारी ने एसडीएम और बीडीओ को खाद समितियों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि खाद की कालाबाजारी की आशंका थमे और किसानों को खाद की समस्या न हो सके। कांवड़ मार्गों को ठीक कराने, लोकार्पण, शिलान्यास के लिए प्रोजेक्ट चयन के निर्देश दिए। ब्यूरो