बहेड़ी। गांव बहादुर गंज निवासी मुबारक हुसैन ने गांव के ही सरताज खां और उसके भाई शहनवाज उर्फ नोमान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि दोनों भाइयों के खिलाफ बहेड़ी तथा देवरनियां थाने में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं, पर दोनों खुलेआम असलहा लेकर घूमते हैं और ग्रामीणों को डराते-धमकाते रहते हैं।
मुबारक हुसैन का आरोप है कि सरताज ने कूट रचित दस्तावेज के जरिये सीबीआई अधिकारी का फर्जी कार्ड बना रखा है, जिसे उसने अपनी सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर रखा है। इसके जरिए वह लोगों पर रौब दिखाकर उत्तराखंड व अन्य जिलों में अवैध वसूली करता है। इसके भाई शहनवाज ने भी अपनी सोशल मीडिया अकाउंट पर असलहे के साथ फोटो और भारतीय करेंसी पर भी फोटो अपलोड किया हुआ है। मुबारक हुसैन ने एसएसपी अनुराग आर्य से आईटी और सोशल मीडिया सेल से उक्त दोनों भाईयों के खिलाफ जांच कराने की मांग की थी। अब जांच में दोनों दोषी पाए गए हैं। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद