बरेली। आला हजरत इमाम अहमद रजा खां फाजिले बरेलवी के 97वें उर्स का पोस्टर शनिवार को जारी कर दिया गया है। उर्स के तीन रोजा कार्यक्रम छह दिसंबर से शुरू होंगे।
सौदागरान स्थित दरगाह पर पोस्टर जारी करते हुए टीटीएस के महासचिव मुफ्ती मोहम्मद सलीम नूरी ने बताया कि इस बार पोस्टर दरगाह प्रमुख मौलाना अश्शाह सुब्हान रजा खां (सुब्हानी मियां), सज्जादा नशीन मौलाना अहसन रजा खां कादरी व सय्यद आसिम मियां की ओर से जारी किया गया है। इसे उर्दू, हिंदी और अंग्रेजी में तैयार किया गया है। इसे डाक के माध्यम से विदेशों में भेजा जा रहा है।
पहले रोज परचम कुशाई से उर्स की शुरुआत होगी। रात में 9 बजे से आल इंडिया मुशायरा नात-ओ-मनकबत होगा। अगले रोज सात दिसंबर को सुबह कुरान ख्वानी के बाद सुबह 9.58 बजे रेहाने मिल्लत का कुल होगा। इसके बाद सुबह 10.30 बजे से तहफ्फुजे मुस्लिम पर्सनल लॉ और तहफ्फुजे मुसलमानाने हिंद कांफ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। रात में 9 बजे से जलसा और देर रात्रि 1.40 बजे मुफ्ती आजम हिंद का कुल शरीफ होगा। अंतिम दिन सुबह कुरान ख्वानी के बाद नातों मनकबत की महफिल और उलमा इकराम की तकरीरें होंगी। दोपहर 2.38 बजे आला हजरत के कुल के साथ उर्स का समापन होगा।
इस दौरान शाहिद खां नूरी, परवेज खां, अजमल नूरी, हाजी जावेद खां, तारिक सईद, औरंगजेब नूरी, ताहिर अलवी, शान सुब्हानी आदि मौजूद रहे।