उर्स से पहले ड्रोन उड़ाकर की गई छतों की जांच
शहर में शुक्रवार और शनिवार को प्रस्तावित ताजुश्शरिया उर्स में शांतिपूर्ण व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। बृहस्पतिवार को अफसरों ने पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग करके उन्हें ड्यूटी पर मुस्तैदी से तैनात रहने के निर्देश दिए। ड्रोन से संबंधित इलाकों में छतों पर ईंट-पत्थर देखे गए। पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा और पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र ने संयुक्त रूप से पुलिस बल को निर्देश दिए।
ब्रीफिंग का मुख्य उद्देश्य उर्स के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना था। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता से कर्तव्य निभाने के निर्देश दिए। संदिग्धों पर विशेष नजर रखने के आदेश दिए गए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। यातायात व्यवस्था के लिए डायवर्जन का पालन कराने को कहा गया। पार्किंग व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
इन इलाकों में की गई जांच
उर्स की सुरक्षा के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। बिहारीपुर ढाल से मलूकपुर चौकी, सिटी सब्जी मंडी और आजमनगर इंद्रा मार्केट के मार्गों पर छतों की जांच हुई। छतों पर ईंट-पत्थर जैसी सामग्री की मौजूदगी जांची गई। हालांकि कोतवाल धनंजय पांडेय ने बताया कि किसी छत पर कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला।