बरेली के संजय नगर बाइपास रोड पर सैनिक कॉलोनी गली नंबर चार के प्रवेश द्वार पर रातों-रात शराब की दुकान शिफ्ट करने से क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। सैनिक कॉलोनी और मेगासिटी के निवासियों ने सोमवार को हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ देखकर शराब व्यापारी दुकान छोड़कर भाग निकला। दोपहर दो बजे तक धरना देने वाले लोगों ने आबकारी विभाग के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।
सैनिक कॉलोनी गली नंबर चार के छोर पर लॉन में गारमेंट शोरूम खोलने के नाम पर रविवार आधी रात के बाद गाड़ियों में शराब लाकर रख दी गई। सुबह दुकानदार ने शटर हटाया तो पता लगा कि पास के ही इलाके से हटाई गई शराब दुकान चुपचाप यहां शिफ्ट की जा रही है। इसकी भनक लगते ही इलाके के लोगों में आक्रोश फैल गया।
स्कूल के पास खुली है दुकान
लोगों को गुस्सा इस बात पर भी था कि इस बात का अंदेशा होने पर वह पहले ही डीएम, एसएसपी व जिला आबकारी अधिकारी को पत्र लिखकर शिकायत कर चुके थे। तर्क था कि रिहायशी इलाके में स्कूल के पास शराब की दुकान खोलने से बड़ी दिक्कत हो सकती है। इसके बाद भी संज्ञान नहीं लिया गया।
तपती दोपहर में लोगों ने दुकान के आगे धरना शुरू कर दिया। जानकारी पर पुलिस ने मौके पर आकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। लोगों ने ऐलान किया कि यहां किसी सूरत में शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। धरना देने वालों में घनानंद पांडेय, मेगासिटी अपार्टमेंट आरडब्ल्यूएस के अध्यक्ष जुगल किशोर श्रीवास्तव, शिक्षक नेता नवल किशोर त्रिपाठी, केसी पांडेय, हरिओम गुप्ता, विहिप के नगर अध्यक्ष सुबोध गुप्ता, रजनी मैन्दोला, वंदना राठौर, हेमा अग्रवाल, प्रकाश भट्ट सहित कई लोग शामिल थे।