मीरगंज। गहवरा साधन सहकारी समिति पर बुधवार को खाद वितरण के लिए हंगामा हुआ। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के कार्यकर्ताओं ने समिति परिसर में धरना देते हुए खाद वितरण में धांधली के आरोप लगाए।
किसानों का कहना था कि समिति के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से दुकानदारों और बिचौलियों को खाद दी जा रही है, जबकि वास्तविक किसानों को खतौनी दिखाने के बावजूद खाद नहीं मिल पा रही।
सूचना पर तहसीलदार आशीष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की। तहसीलदार ने किसानों को नियमानुसार खाद वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी तहसीलदार के माध्यम से भेजा है, जिसमें समिति के सचिव और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। धरने में तहसील अध्यक्ष ठाकुर रंजन सिंह चौहान, राजेंद्र सिंह चौहान, धर्मेंद्र सिंह मलिक, हरनाम सिंह, भानु प्रताप और चौधरी दिगंबर सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।
आरोपों को बताया निराधार : समिति के सचिव मुरारी सिंह ने आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि राजन सिंह बिना खतौनी दिए 20 कट्टे खाद की मांग कर रहे थे।
जब खतौनी मांगी गई तो वे नाराज होकर धरने पर बैठ गए। सचिव का कहना है कि समिति में किसी भी प्रकार की धांधली नहीं है और खाद वितरण पूरी तरह नियमानुसार किया जा रहा है। संवाद