शहर में होगा आयोजन, 700 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने का अनुमान
बरेली। उत्तर प्रदेश स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन सात से नौ नवंबर तक शहर में किया जाएगा। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव हरीश पाल ने बताया कि प्रतियोगिता में संगठन से संबद्ध जिलों के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, मेरठ, गाजियाबाद, मथुरा, आगरा सहित प्रदेश के कई जिलों से करीब 700 खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में मुकाबले होंगे। सब जूनियर वर्ग में 14 भार वर्ग, कैडेट वर्ग में 10 भार वर्ग, जूनियर वर्ग में 10 भार वर्ग और सीनियर वर्ग में आठ भार वर्ग शामिल हैं। बालक और बालिका दोनों वर्गों के खिलाड़ी इसमें प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक भार वर्ग में चार शीर्ष खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। संवाद