त्योहार से पहले कई विशेष ट्रेनों में भी बढ़ने लगी वेटिंग
त्योहार के सीजन में नियमित ट्रेनें पहले से फुल हैं। कई ट्रेनों में नो रूम की स्थिति के बीच त्योहार विशेष ट्रेनें यात्रियों के लिए सहारा बन रही थीं, लेकिन अब प्रमुख तारीखों में विशेष ट्रेनों में भी वेटिंग तेजी से बढ़ रही है। बरेली होते हुए पूर्वांचल, बिहार और पश्चिमी बंगाल की ओर जाने वाली कई विशेष ट्रेनों में भी कन्फर्म टिकट मुश्किल हो गया है। स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 100 तक पहुंच रही है।
रेलवे त्योहार के सीजन में बरेली होते हुए 52 ट्रेनों का संचालन कर रहा है। इनमें 40 ट्रेनों का जंक्शन पर ठहराव है, जबकि 12 ट्रेनें वाया चंदौसी-कैंट-शाहजहांपुर होते हुए चलाई जा रही हैं। नियमित ट्रेनों में दिवाली और भैयादूज के बाद नवंबर के पहले सप्ताह पूर्वांचल व बिहार के प्रमुख त्योहार छठपूजा के लिए सीटें फुल हो चुकी हैं। गौर करने की बात यह है कि जिन 25 अक्तूबर से नौ नवंबर तक ज्यादातर विशेष ट्रेनें भी फुल हो गई हैं। इस बीच रेलवे ने कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए हैं, लेकिन समस्या खत्म नहीं हो रही।