उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में मंगलवार सुबह लखीमपुर रोड पर गोला रोडवेज डिपो की एक अनुबंधित बस धू-धू कर जलने लगी। हालांकि घटना में चालक परिचालक और सवारी बाल-बाल बच गए।
सूचना पर रोडवेज अधिकारियों के साथ पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। मंगलवार की सुबह 4:45 बजे गोला रोडवेज की अनुबंधित बस यूपी 31टी 8849 बस अड्डे से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी।
जैसे ही बस लखीमपुर रोड पर राजौरा मोड़ के पास पहुंची। इंजन के नीचे से तेज लपटें उठने लगीं। चालक सोनू ने सतर्कता बरतते हुए बस को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया और बस के अंदर बैठी चार सवारियों को आनन-फानन में बाहर निकाला तब तक बस धू-धू कर जलने लगी।
चालक सोनू और परिचालक ब्रजमोहन ने घटना की सूचना रोडवेज अधिकारियों को दी। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।