बरेली। रोडवेज कर्मचारियों की लंबे समय से चल रही समस्याओं का निस्तारण हो गया है। स्थानीय स्तर की 19 सूत्री मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद काफी समय से संघर्ष कर रहा था। इसमें मंगलवार को एआरएम रुहेलखंड डिपो से द्विपक्षीय वार्ता के बाद सभी मांगों को मान लिया गया।
परिषद के शाखा मंत्री देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में कर्मचारियों से पद के अनुरूप काम लेने, डीजल और कम आय के नाम पर चालक परिचालकों के वेतन से कटौती रोकने, बसों की सफाई धुलाई ठीक से होेने, पलिया, पूरनपुर, खटीमा, टनकपुर, पीलीभीत और जयपुर की डग्गामारी रोकने और सेटेलाइट बस स्टेशन पर अतिक्रमण हटवाने सहित 19 मांगें थीं। सभी पर वार्ता के बाद सहमति बन गई है। एआरएम एसके वर्मा से हुई वार्ता में शाखा अध्यक्ष धारा सिंह और शाखा मंत्री देवेंद्र पाल सिंह सहित शमशाद अली, असरार अहमद, इकबाल, माजिद, भूदेव शर्मा, मुश्ताक अली, आरिफ मियां, नरेश शर्मा आदि शामिल थे।