बरेली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षाओं के लिए प्रोजेक्ट आधारित प्रयोगात्मक/आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा 15 और 16 जुलाई को कराई जाएगी। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक देवकी सिंह ने विद्यालयों को पत्र जारी किया है।
इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट प्रयोगात्मक परीक्षा में प्रत्येक जनपद से परीक्षक नियुक्त किए जाएंगे। परीक्षाएं राजकीय इंटर कॉलेज में कराई जाएंगी। हाईस्कूल में आंतरिक मूल्यांकन के विषयवार अंकों की सूची और इंटरमीडिएट के प्रयोगात्मक परीक्षक प्रयोगात्मक परीक्षा के प्राप्तांकों से संबंधित ओएमआर शीट क्षेत्रीय कार्यालय में 19 जुलाई तक उपलब्ध कराएंगे। परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी, केंद्र व्यवस्थापक, अध्यापक और शिक्षणेतर कर्मचारियों के अलावा किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा कक्ष में वॉइस रिकॉर्डर युक्त कैमरे सक्रिय रहेंगे। प्रश्नपत्र के पैकेट केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट के सामने कैमरे की निगरानी में खोले जाएंगे। संवाद