बरेली जिले के 129 केंद्रों पर आज से 99,465 विद्यार्थी माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षा में शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल के 52,814 और इंटरमीडिएट के 46,651 परीक्षार्थी शामिल होंगे। केंद्रीय कारागार में कैदियों की परीक्षा कराने की जिम्मेदारी जीआईसी के प्रवक्ता दिनेश राठौर को सौंपी गई है।
पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों के ही परीक्षार्थी हिंदी का पेपर देंगे। परीक्षा को लेकर कई केंद्रों पर बुधवार देर रात तक डेस्क स्लिप लगाने, कक्ष की साफ-सफाई समेत अन्य तैयारियां चलती रहीं। सुबह सात बजे से सभी केंद्रों पर व्यवस्थापकों और अतिरिक्त व्यवस्थापकों को पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
कड़े पहरे में होगी परीक्षा
परीक्षा के लिए चार हजार से अधिक कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। 129 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 129 केंद्र व्यवस्थापक और 129 अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। हर केंद्र पर दो पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगे। डीआईओएस सोमारू प्रधान ने बताया कि एडीएम स्तर के दो सुपर जोनल अधिकारी, छह एसडीएम स्तर के नोडल अधिकारी भी परीक्षा की निगरानी करेंगे। कंट्रोल रूम से जिले के हर केंद्र की निगरानी की व्यवस्था की गई है। हालांकि, कनेक्टिविटी के बाधक बनने की आशंका है।
नहीं पहुंचे कक्ष निरीक्षक, खंड शिक्षा अधिकारी तलब
डीआईओएस ने बुधवार को सभी केंद्रों के साथ वर्चुअल बैठक की तो कई प्रधानाचार्यों ने कक्ष निरीक्षक नहीं मिलने की बात कही। कई केंद्रों से यह भी शिकायत मिली कि उन्हें 30 कक्ष निरीक्षकों की जरूरत है, लेकिन पांच ही पहुंचे हैं। डीआईओएस ने खंड शिक्षा अधिकारियों को तलब कर कक्ष निरीक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कंट्रोल रूम प्रभारी डॉ लोकेश गंगवार ने बताया कि कक्ष निरीक्षकों की कमी होने पर एक कक्ष में एक को ही तैनात किया जाएगा।