चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ले का युवक अपनी रोजा निवासी प्रेमिका के साथ कच्चा कटरा स्थित कैफे में मंगलवार देर शाम बैठा था। सूचना पर एक हिंदू संगठन के पदाधिकारी वहां पहुंच गए। उन्होंने लड़की को तो चेतावनी देकर घर भेज दिया, लेकिन युवक को पकड़ लिया। उन्होंने युवक से कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाईं। कैंची से उसके बाल काट दिए।
दोबारा ऐसी गलती नहीं करने और सनातनी लड़कियों को बहन मानने का संकल्प दिलाया। हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस युवक को कैफे से कोतवाली ले आई। बाद में युवक को छोड़ दिया। बुधवार को मामले का वीडियो वायरल हुआ तो यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गई।
युवक के बाल काटने की बात गलत है। युवक सुबह हमारे पास आया था। उसने मामूली कहासुनी होने की बात बताई, साथ ही कोई भी कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया। -अखंड प्रताप सिंह, सीओ सिटी
वैलेंटाइन-डे पर सात सदस्यीय समिति गठित की थी। समिति ने पांच जोड़ों को संदिग्ध हालात में पकड़ा था। कैफे से दूसरे समुदाय के युवक को हिंदू लड़की के साथ पकड़ा गया। उसे हिदायत देने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया। -राजेश अवस्थी, हिंदूवादी नेता