अवैध संचालित अस्पतालों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत हुई कार्रवाई
बरेली। पंजीकरण के बिना संचालित और अप्रशिक्षित स्टाफ से इलाज के नाम पर मरीजों की जान से खिलवाड़ कर रहे दो अस्पतालों पर शुक्रवार को कार्रवाई हुई। नोडल अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने बहेड़ी के उजाला हॉस्पिटल और बंजरिया के गुड लाइफ हॉस्पिटल पर सील लगाकर नोटिस थमाई है।
डॉ. अमित के मुताबिक, सीएमओ के निर्देश पर शुक्रवार को बहेड़ी में निरीक्षण के दौरान वह उजाला हॉस्पिटल पहुंचे। वहां सिर्फ स्टाफ मौजूद था। वे संचालन संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा सके। फिर बंजरिया के गुड लाइफ हॉस्पिटल पहुंचने पर वहां भी कोई डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। कुछ मरीज मौजूद थे, जिन्हें स्टाफ देख रहा था। संचालन का कोई दस्तावेज नहीं मिला। जो स्टाफ था, वह भी अप्रशिक्षित प्रतीत हुआ। दोनों अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी कर दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जब तक दस्तावेज नहीं मिलेंगे, सील नहीं हटेगी। अगर आदेश का उल्लंघन हुआ तो संचालक के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो