बरेली। जिले की सात गन्ना समितियों में चल रही निर्वाचन प्रक्रिया में प्रबंध समिति के सदस्य (संचालक) पद पर ज्यादातर जगह निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। फरीदपुर, भोजीपुरा व भुड़िया अमरिया समिति के सभी नौ-नौ संचालक पदों के साथ अन्य समितियों में भी ज्यादातर पदों पर एक-एक नामांकन ही आया है। जांच में नामांकनपत्र सही पाए जाने पर इनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा शुक्रवार को कर दी जाएगी।
जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि बहेड़ी गन्ना समिति के पचपेड़ा व शकरन निर्वाचन क्षेत्र से दो-दो नामांकन हुए। शेष नौ पदों के लिए एक-एक नामांकन आया है। नवाबगंज समिति के नौ संचालकों में फरोदी, बमूरी, बीजामऊ में दो-दो दावेदार सामने आए हैं जबकि छह समितियों में एक-एक उम्मीदवार है। मीरगंज में 11 संचालक चुने जाने हैं। आनंदपुर में दो और मोहम्मदगंज निर्वाचन क्षेत्र में चार दावेदार सामने आए हैं।
बरेली समिति: दस सीटों पर एक ही नामांकन, अखा में कोई दावेदार नहीं
डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव शुगर केन सप्लाई सोसाइटी लिमिटेड बरेली के 11 में से 10 निर्वाचन क्षेत्रों में एक-एक दावेदार ही है। अहिलादपुर में सत्येंद्र सिंह पटेल, गुड़गांवा में सुमनलता, घंघोरा पिपरिया में ओमवती, धीमरी भगवानपुर में विनोद कुमार, बढ़ेपुरा में रघुवीर सिंह, मंडी खुर्द में अर्जुन सिंह, मनौना में सतीश चंद्र मिश्रा, बारी नगला में लालकरन, बोहित में रविंद्र कुमार, सूदनपुर में हर्वेंद्र सिंह ने नामांकन किया। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित अखा निर्वाचन क्षेत्र से कोई दावेदार सामने नहीं आया। यह पद खाली रह जाएगा।
सेमीखेड़ा में आज होगा नामांकन
जिले की सात समितियों में नामांकन प्रक्रिया बृहस्पतिवार को पूरी हो गई। सेमीखेड़ा में शुक्रवार को नामांकन होंगे। शनिवार को इनकी जांच होगी। राजपत्रित अवकाश के बाद भी शुक्रवार को चुनाव प्रक्रिया जारी रहेगी। सभापति और उपसभापति पद के लिए सेमीखेड़ा को छोड़कर सभी जगह 17 अक्तूबर को नामांकन होंगे। एक से अधिक प्रत्याशी होने पर उसी दिन चुनाव कराया जाएगा। सेमीखेड़ा में 18 अक्तूबर को नामांकन होंगे।
अमर उजाला ब्यूरो