बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से 15 जुलाई से प्रस्तावित परीक्षाओं के प्रश्नपत्र को लेकर चल रहा असमंजस खत्म हो गया है। बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय की ओर से मॉडल पेपर का प्रारूप जारी कर दिया गया है। इसमें सौ-सौ अंकों के प्रश्न होंगे। स्नातक और परास्नातक के लिए अलग-अलग प्रारूप निर्धारित किया गया है।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी आदेश के अनुसार, स्नातक (बीए, बीएससी, बीकॉम) का एक ही पेपर तैयार होगा। प्रथम प्रश्न दीर्घ उत्तरीय, 30 अंक का होगा। इसमें सभी विषयों के प्रश्न शामिल होंगे, लेकिन विद्यार्थियों को सिर्फ एक ही प्रश्न का जवाब देना होगा। लघु उत्तरीय प्रश्नपत्र, 50 अंक का होगा। इसमें भी सभी विषयों के दस प्रश्न शामिल होंगे मगर चार का जवाब देना होगा। बहु विकल्पीय प्रश्न 20 अंक के होंगे। दस प्रश्न होंगे और पांच का जवाब देना होगा। स्नातकोत्तर (एमए, एमएससी, एमकॉम) के सभी विषय के अलग-अलग प्रश्नपत्र होंगे, जो दो ग्रुप में होंगे। एक ग्रुप में सात प्रश्न 35-35 अंकों का होगा, इसमें से दो का जवाब देना होगा। दूसरे ग्रुप में तीन प्रश्न 30-30 अंकों का होगा। एक प्रश्न का उत्तर देय होगा। साहित्यिक विषय (अंग्रेजी, हिंदी, उर्दू, संस्कृत, फारसी आदि) के प्रश्नपत्र में तीन ग्रुप होंगे। गद्यांश या पद्यांश में एक की व्याख्या करनी होगी, जो 35 अंक का होगा। ग्रुप दो में दीर्घ प्रश्न होंगे, इसमें एक प्रश्न का उत्तर देना होगा, जो 35 अंक का होगा। ग्रुप तीन में तीन लघु उत्तरीय अथवा 20 बहु विकल्पीय प्रश्न होंगे, एक ही हल करना होगा। जिनके तीस अंक होंगे। प्रश्नपत्रों का प्रारूप वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। सभी कॉलेजों को अपने स्तर से विद्यार्थियों को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
‘ प्रश्नपत्र के प्रारूप को अनुमोदित किया गया है। जो परीक्षा समिति की पूर्व में हुई बैठक के निर्णय के आधार पर निर्धारित हुआ है। ताकि छात्रों को सहूलियत रहे।’ - प्रो. केपी सिंह, कुलपति
विश्वविद्यालय में रोपे गए पीपल के पौधे
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर स्थित पांचाल संग्रहालय के पास कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह समेत अन्य अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने पीपल के पौधे रोपे। पौधों को सुरक्षित करने के लिए ट्री गार्ड लगाए गए हैं। इस दौरान कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार, चीफ प्रॉक्टर डॉ. जेएन मौर्य मौजूद रहे। इससे पहले नव स्थानांतरित परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार अरविंद का स्वागत किया गया। उन्होंने कुलपति के समक्ष कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने भी परिसर में पौधा रोपा। ब्यूरो