एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने गुरुवार रात बीकॉम फाइनल का रिजल्ट जारी करने के साथ ही लापरवाह कॉलेजों को सबक भी सिखाना शुरू कर दिया है। प्रैक्टिकल के अंक न भेजने वाले ग्यारह कॉलेजों के रिजल्ट रोक दिए गए हैं। प्रैैक्टिकल के अंक आने के बाद ही इनके परिणाम जारी किए जाएंगे। सिर्फ बीकॉम फाइनल ही नहीं, बल्कि अन्य विषयों के भी तमाम कॉलेजों से प्रैक्टिकल के अंक अभी तक नहीं आए हैं। विश्वविद्यालय इस प्रकार के सभी कॉलेजों का परिणाम रोकने की तैयारी में है। परीक्षा नियंत्रक ने ऐसे कॉलेजों की सूची मांगी है, जहां से प्रैक्टिकल के अंक नहीं आए हैं। बताया जा रहा है कि पचास से ज्यादा कॉलेज ऐसे हैं, जिनके परिणाम अधर में लटक सकते हैं।
कॉलेजों ने हवा में उड़ा दिया विवि का आदेश
मुख्य परीक्षाएं शुरू होने से दो माह पहले ही विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों को आदेश जारी किए थे कि इस बार प्रैक्टिकल के अंक भेजने की प्रक्रिया ऑनलाइन रहेगी। प्रैक्टिकल वाले दिन ही परीक्षक सॉफ्टवेयर के माध्यम से अंक अपलोड करेगा। कॉलेजों ने इस आदेश को हवा में उड़ा दिया। कई कॉलेजों ने बिना बाह्य परीक्षक बुलाए ही प्रैक्टिकल करा दिए और सॉफ्टवेयर पर अंक न चढ़ाकर हार्ड कॉपी में अंक भेज दिए।
पंद्रह जून तक नहीं भेजे अंक तो कार्रवाई तय
शासन ने पंद्रह जून तक सभी परिणाम घोषित करने का आदेश जारी किया है। इसलिए विश्वविद्यालय अब तक 13 परिणाम जारी कर चुका है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट कर दिया है कि पंद्रह जून तक सारे परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। जो कॉलेज प्रैक्टिकल के अंक नहीं भेजेंगे, उनका इंतजार नहीं किया जाएगा। जिन कॉलेजों के अंक मिलेंगे, उनके परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। इससे छात्रों को होने वाले नुकसान का जिम्मेदार कॉलेज होगा।
13 विषयों के रिजल्ट हो चुके हैं घोषित
बीकॉम फाइनल, एमएससी फाइनल सांख्यिकी, एमएससी प्रथम सांख्यिकी, एमए प्रथम संगीत, पर्सियन, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान और संस्कृत, एमए फाइनल संगीत, पर्सियन, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान और संस्कृत।
प्रैक्टिकल के दिन ही नंबर आनलाइन भेजने के आदेश जारी किए गए थे। इसके बावजूद तमाम कॉलेजों ने प्रैक्टिकल के अंक नहीं भेजे। अब सभी की सूची बनवा रहे हैं। जिनके प्रैक्टिकल के अंक नहीं आएंगे उनके रिजल्ट रोकते हुए बाकी परिणाम जारी कर देंगे। पंद्रह जून तक सारे परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। - महेश कुमार, परीक्षा नियंत्रक