पैनल के माध्यम से साक्षात्कार के बाद होंगी शिक्षकों की नियुक्तियां
विज्ञापन
कोरोना की वजह से इस सत्र में अतिथि शिक्षकों को रखने में हुआ विलंब
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने नए शैक्षिक सत्र में अतिथि शिक्षकों की नियुक्तियां करने की अनुमति दे दी है। अतिथि शिक्षकों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन इसके लिए जल्द ही सूचना भी जारी करेगा। चयन समिति के माध्यम से इनकी नियुक्तियां की जाएंगी।
कई विभागों में विश्वविद्यालय हर साल ही अतिथि शिक्षकों की नियुक्तियां करता है या उनके नवीनीकरण की प्रक्रिया की जाती है। यह प्रक्रिया हर साल अप्रैल-मई में पूरी हो जाती है, लेकिन इस बार कोरोना की वजह से नियमित कक्षाओं का संचालन नहीं हुआ तो विश्वविद्यालय ने भी अतिथि शिक्षकों की नियुक्तियां नहीं कीं। हालांकि इसे लेकर कई बार आपत्ति जताई गई, लेकिन पूर्व वीसी प्रोफेसर अनिल कुमार शुक्ला का कहना था कि कक्षाएं प्रारंभ होने के बाद ही यह नियुक्तियां या नवीनीकरण किया जाएगा। चूंकि अगस्त बाद से कक्षाएं प्रारंभ होने के संकेत हैं, जिसके मद्देनजर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अतिथि शिक्षकों की नियुक्तियों की अनुमति दे दी है।
कुलसचिव प्रोफेसर अनीता पांडेय ने बताया कि अतिथि शिक्षकों की तैनाती साक्षात्कार के माध्यम से होगी। इसके लिए पैनल बनाया जाएगा। इस संबंध में जल्द ही सूचना सार्वजनिक करने के साथ ही विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी जाएगी।