डोहरा गौंटिया गांव के लोगों की आपत्ति पर एसडीएम ने जारी किया नोटिस
बरेली। रुहेलखंड यूनिवर्सिटी ने कोरोना संक्रमण की आशंका जताते हुए 24 साल पुरानी सड़क को आठ फुट गहरा गड्ढा खोदकर बंद कर दिया है। इस पर डोहरा गौंटिया के लोगों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि वे वर्षों से इस रोड से आ-जा रहे हैं। इस मामले में एसडीएम ने राजस्व टीम से सड़क के नक्शे और गाटा संख्या की जांच कराई थी। इसमें यह पुष्टि हुई कि डोहरा गौंटिया के लोग इस सड़क का वर्ष 1977 से इस्तेमाल कर रहे हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम ने विश्वविद्यालय प्रशासन को नोटिस जारी किया है।
राजस्व निरीक्षक ने जांच रिपोर्ट में यह भी बताया है कि डोहरा गौंटिया के ग्रामीणों ने यूनिवर्सिटी से हुए लिखित समझौते की प्रति दी है। इससे स्पष्ट होता है कि यह रोड ग्रामीणों के आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है। नजरी नक्शे से यह साफ है कि जो दूसरा रास्ता है, वह बहुत लंबा और संकरा है। विश्वविद्यालय ने संबंधित रोड पर लोगों का प्रवेश रोकने के लिए प्रथम सूचना रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। एसडीएम सदर ईशान प्रताप सिंह का कहना है कि नियमानुसार किसी लोक स्थान या किसी मार्ग, जिसे जनता विधिपूर्वक इस्तेमाल कर रही है, उसे बाधित नहीं किया जा सकता है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित सड़क को 23 वर्ष तक चलते रहने की मूक सहमति भी दी है। जहां तक कोरोना का प्रश्न है तो आरआई और ग्रामीणों के बयान से स्पष्ट है कि लॉकडाउन के पहले रास्ता ग्रामीणों की सहमति पर बंद किया गया, लेकिन रास्ते पर खाई खोदकर और पेड़ लगाकर बंद किया जाना नियम विरुद्घ है। एसडीएम ने यूनिवर्सिटी प्रशासन को नोटिस देकर कहा है कि एक सप्ताह के अंदर रास्ता खोल दें या उनके न्यायालय में हाजिर होकर नोटिस का जवाब दाखिल करें।
रुहलेखंड विश्वविद्यालय ने वर्षों पुराने रास्ता को बंद कर दिया है। जांच में प्रथम दृष्टया यूनिवर्सिटी की यह कार्रवाई अनुचित मिली है। इस संबंध में नोटिस जारी किया गया है। -ईशान प्रताप सिंह, एसडीएम सदर
‘विश्वविद्यालय परिसर से होकर गौंटिया के लोगों की आवाजाही बंद हो’
बरेली। रुहेलखंड शिक्षक संघ ने गुरुवार को डीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि विश्वविद्यालय परिसर से होकर गौंटिया के लोगों ने आम रास्ता बना लिया है। कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे बंद कर दिया है, ताकि परिसर को संक्रमित होने से बचाया जा सके, लेकिन ग्रामीण जबरन इस रास्ते से होकर आने-जाने का प्रयास कर रहे हैं। अध्यक्ष डॉ. निवेदिता श्रीवास्तव ने कहा कि विश्वविद्यालय में आगे परीक्षाएं होनी हैं। ऐसे में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगे तभी परिसर सुरक्षित रहेगा। इस मौके पर महामंत्री अजय यादव भी मौजूद रहे।