पिछले दिनों कॉलेज परिसर में अफीम डोडा बरामद होने पर की गई कार्रवाई
बरेली। बदायूं के अब्दुल्लाह डिग्री कॉलेज में सत्र 2020-21 के लिए बीए, बीकॉम और बीएड प्रथम वर्ष में विद्यार्थियों के प्रवेश लेने पर रोक लगा दी गई है। रुहेलखंड विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉलेज द्वितीय और तृतीय वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थियों की पढ़ाई की व्यवस्था करने के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है। सरकार बनाम नजमुल, गिरोहबंद एवं असामाजिक क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम में पारित आदेश में कॉलेज के संचालक नजमुल की संपत्ति को राज्य सरकार के पक्ष में जब्त होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, करीब पांच माह पहले कॉलेज परिसर से पुलिस ने भारी मात्रा में डोडा बरामद किया था। इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसमें पारित आदेश में राज्य सरकार के पक्ष में अलापुर ककराला के रहने वाले लुकमान के पुत्र और कॉलेज के संचालक नजमुल की संपत्ति जब्त की गई थी। इस संपत्ति में गांव गभियाई स्थित अब्दुल्लाह डिग्री कॉलेज भी शामिल है।
कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार की ओर से जारी आदेश में अध्ययनरत् विद्यार्थियों के पठन-पाठन के संचालन के लिए समिति गठित की गई है। इसमें अब्दुल्लाह डिग्री कॉलेज के प्राचार्य, विश्वविद्यालय की ओर से नामित विवि परिसर के शिक्षा विभाग के डॉ. विमल कुमार, बरेली-मुरादाबाद मंडल के क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी शामिल हैं। समिति पूर्व में कार्य परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय के तहत गठित की गई है।