बरेली। शहर में विज्ञापनों के लिए लगे यूनिपोल और होर्डिंग को लेकर नगर निगम की लापरवाही मंगलवार को आई आंधी और बारिश में फिर उजागर हो गई। बरसात और आंधी की आशंका को देखते हुए नगर निगम ने अप्रैल माह में विज्ञापन एजेंसियों को नोटिस जारी कर सुरक्षा जांच के निर्देश दिए थे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। बावजूद इसके, एजेंसियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और निगम प्रशासन भी नोटिस की मियाद बीतने के बाद धरातल पर कार्रवाई करना भूल गया। नतीजा यह हुआ कि मंगलवार को चली तेज हवा के कारण शहर में तीन प्रमुख यूनिपोल उखड़कर गिर गए, जिससे बड़ा हादसा होते-होते बचा।
सात मई के अंक में नोटिस तक कार्रवाई, आंधी-बारिश में अवैध होर्डिंग से हो सकते हैं हादसे शीर्षक प्रकाशित की थी। नगर निगम ने अप्रैल माह में 9 विज्ञापन एजेंसियों को नोटिस थमाए थे और दावा किया था कि मानक के विपरीत लगे अवैध होर्डिंग तत्काल हटाए जाएंगे, लेकिन हकीकत में रामपुर गार्डन, सिविल लाइंस, चौपुला रोड और चौकी चौराहा जैसे व्यस्ततम इलाकों में आज भी अवैध होर्डिंग का जाल बिछा हुआ है। कई जगहों पर तो फटे हुए पोस्टर लटक रहे हैं, जो राहगीरों के लिए सीधा खतरा बने हुए हैं। अब हादसों के बाद नगर निगम प्रशासन एक बार फिर सख्त कार्रवाई की बात कह रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जिन एजेंसियों ने नोटिस के बावजूद सुरक्षा मानकों की अनदेखी की और जांच रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।