बाघ की खाल के साथ गिरफ्तार शिकारी
- फोटो : सोशल मीडिया
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के बेलरायां रेंज की लौदरिया बीट में बाघ की खाल के साथ पकड़े गए दो शिकारियों के मामले में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने एसएसबी एवं वन विभाग की टीम को ट्वीट कर बधाई दी है।
केंद्रीय मंत्री ने संयुक्त टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि शिकारी बाघ की खाल को बेचने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन यह ख़ुशी की बात है कि संबंधित जांच एंजेसिंयों ने इस मामले जल्द शिकारियों को दबोच लिया।
आपको बता दें कि दुधवा टाइगर रिजर्व की बेलरायां रेंज के तकियापुरवा गांव में वन विभाग ने एसएसबी के सहयोग से छापा मारकर बाघ की खाल समेत दो शिकारियों को गिरफ्तार किया है। बाघ की खाल ताजी बताई जा रही है, ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बाघ का जल्द ही शिकार किया गया है।
दुधवा टाइगर रिजर्व के बेलरायां रेंज के वन विभाग अधिकारियों को सूचना मिली थी कि तकियापुरवा गांव के कुछ शिकारी खाल छिपाकर उसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने एसएसबी जवानों के साथ गांव में छापा मारा, जिसमें सोमदेव व विनोद को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर बाघ की खाल बरामद की गई है। खाल एक वयस्क बाघ की बताई गई है। जबकि खाल देखने से लग रहा है कि अभी हाल ही में बाघ का शिकार किया गया हो। अधिकारियों का अनुमान है कि बाघ का शिकार दुधवा टाइगर रिजर्व से ही किया गया है।
दुधवा नेशनल पार्क में वन कर्मियों और एसएसबी टीम ने बाघ की खाल समेत दो शिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर सराहनीय कार्य किया है। पकड़े गए शिकारियों का वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत चालान काटकर उन्हें जेल भेजा जा रहा है, जबकि फरार हुए उनके अन्य साथियों को गिरफ्तार करने के लिए वन कर्मियों की टीम गठित की गई है, जिन्हें उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।